Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 अप्रैल । महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में आज विकास खंड हाथरस में “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा और सुना। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर शिक्षा, चिकित्सा, खेल और कला जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडेय ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। जिला विकास अधिकारी पी.एन. यादव और जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्य ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सामाजिक चुनौतियों से लड़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र उपाध्याय ने महिलाओं से अपने-अपने क्षेत्र का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा दो गर्भवती महिलाओं को ‘पोषण पोटली’ वितरित की गई और एक नन्ही बालिका का अन्नप्राशन भी कराया गया। अंत में खंड विकास अधिकारी द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया और उपस्थित महिलाओं ने एकजुट होकर सशक्तिकरण की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page