
हाथरस 13 अप्रैल । शहर के सरस्वती महाविद्यालय में आज ‘मिशन शक्ति’ फेज-5 लेवल-2 के अंतर्गत “महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकार” विषय पर एक विशेष जागरूकता चर्चा का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मृदुल दीक्षित के कुशल मार्गदर्शन और नोडल प्रभारी डॉ. गायत्री कुमारी के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा के कानूनी पहलुओं से अवगत कराना था। कार्यक्रम के दौरान नोडल प्रभारी डॉ. गायत्री कुमारी ने महिलाओं के विरुद्ध होने वाले यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
चर्चा को आगे बढ़ाते हुए प्राचार्य डॉ. मृदुल दीक्षित ने उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी ‘विशाखा गाइडलाइंस’ के बारे में छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यस्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के उत्पीड़न को रोकने के लिए ये दिशा-निर्देश कितने प्रभावी हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक एवं पूर्व एनएसएस प्रभारी डॉ. देव प्रकाश ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया। इस जागरूकता अभियान में महाविद्यालय के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सुरक्षा की शपथ ली। ‘मिशन शक्ति’ के इस आयोजन ने विद्यार्थियों के बीच सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति एक नई चेतना का संचार किया।

























