
हाथरस 13 अप्रैल । श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में आज ‘मिशन शक्ति’ फेज-5 लेवल-2 के अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक विशेष चर्चा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव के मार्गदर्शन एवं नोडल प्रभारी डॉ. अंजु आर्य के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य केंद्र भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के स्वावलंबन हेतु चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से छात्राओं को रूबरू कराना था। शिक्षा शास्त्र विभाग की प्रो. रंजना गुप्ता ने छात्राओं को विस्तार से महिला स्वावलंबन योजना, मिशन शक्ति, महिला समृद्धि योजना, नमो ड्रोन दीदी योजना और ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने स्वावलंबन कौशल प्रशिक्षण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, वन स्टॉप सेंटर, सुकन्या समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के उद्देश्यों एवं उनसे लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। इस जागरूकता सत्र में महाविद्यालय की 48 छात्राओं ने भाग लिया, जिन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर बनने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर समिति सदस्य डॉ. रंजना प्रकाश, डॉ. अमृता सिंह, डॉ. शशि सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

























