
अलीगढ़ 09 अप्रैल । मंगलायतन विश्वविद्यालय और ग्रांट थॉर्नटन के बीच हुए एमओयू के अंतर्गत ‘साइबर सुरक्षा’ और ‘डेटा एनालिटिक्स’ विषय पर विशेष प्रशिक्षण का आयोजन हुआ। कार्यक्रम डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर इंजिनियरिंग एंड एप्लीकेशन द्वारा कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं और तकनीकी रुझानों से रूबरू कराना था। सत्र के पहले चरण में ग्रांट थॉर्नटन के विशेषज्ञ मनीष ने बीबीए (चतुर्थ सेमेस्टर) और एमबीए (द्वितीय सेमेस्टर) के छात्रों को डेटा एनालिटिक्स की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कैसे एक डेटा एनालिस्ट जटिल डेटा का विश्लेषण कर व्यावसायिक निर्णय लेने में अहम भूमिका निभाता है। पायथन जैसे टूल्स के व्यावहारिक प्रयोग के साथ उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया कि कंपनियां प्रतिस्पर्धा में आगे रहने के लिए डेटा का उपयोग कैसे करती हैं।
दूसरे समानांतर सत्र में प्रशिक्षक निष्ठा ने एमसीए (द्वितीय सेमेस्टर), बीटेक (छठा सेमेस्टर) और बीसीए (चतुर्थ सेमेस्टर) के विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने डिजिटल संपत्तियों की सुरक्षा और डेटा गोपनीयता की आवश्यकता पर बल दिया। सामान्य साइबर खतरों, उनसे बचने के उपायों और सिस्टम सुरक्षा सुनिश्चित करने के सर्वोत्तम तरीकों पर चर्चा की। विभागाध्यक्ष डा. लव मित्तल ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों के शैक्षणिक ज्ञान और उद्योग की व्यावहारिक मांगों के बीच के अंतर को पाटने में मदद मिलती है। विद्यार्थियों ने इन उभरते क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं को लेकर अत्यधिक उत्साह दिखाया। इस अवसर पर प्रो. सिद्धार्थ जैन, प्रो. मनोज वार्ष्णेय, डा. शालू अग्रवाल, उमेश शर्मा, दिव्या माहेश्वरी, शानू गुप्ता, ललित किशोर आदि उपस्थिति थे।






















