
हाथरस 06 अप्रैल । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ दिए गए कड़े निर्देश हाथरस जंक्शन क्षेत्र में पूरी तरह बेअसर साबित हो रहे हैं। स्थानीय रेलवे रोड पर फैला अतिक्रमण न केवल वाहन चालकों और राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है, बल्कि इसके चलते लगने वाले भीषण जाम से रेलवे यात्रियों की ट्रेनें तक छूट रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में एसडीएम सदर प्रेम प्रकाश मीणा ने अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों पर बुलडोजर चलवाया था और पूरे रेलवे रोड को साफ कराया था। लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद अतिक्रमणकारियों के हौसले फिर से बुलंद हो गए हैं। सड़क के दोनों ओर कई-कई फुट तक दोबारा अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे व्यस्त रहने वाला यह मार्ग अब संकरी गली में तब्दील हो गया है।
रेलवे रोड पर दिन भर में कई बार लगने वाले लंबे जाम के कारण स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। समय पर स्टेशन न पहुँच पाने के कारण कई यात्रियों की ट्रेनें छूट चुकी हैं, जिससे जनता में भारी रोष व्याप्त है। हैरानी की बात यह है कि सड़क पर सरेआम हो रहे इस अतिक्रमण पर संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मौन साधे हुए है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यह सब जिम्मेदारों की मिलीभगत या घोर लापरवाही का नतीजा है। अब क्षेत्र की जनता को इंतजार है कि कब प्रशासनिक अधिकारी अपनी कुंभकर्णी नींद से जागेंगे और इस महत्वपूर्ण मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराकर लोगों को राहत प्रदान करेंगे।

























