
हाथरस 02 अप्रैल । वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की आगामी शोभायात्रा को लेकर समाज में भारी उत्साह के बीच आज गौशाला रोड स्थित बाल हनुमान जी मंदिर परिसर में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शोभायात्रा के अध्यक्ष अनिल सिसोदिया, संयोजक संदीप सिसोदिया और उनकी पूरी टीम का क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा साफा पहनाकर और मालाएं अर्पण कर भावपूर्ण अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर दीपक गुप्ता, अजीत शर्मा, पवन अग्रवाल, रमेश चंद्र भारती सहित अन्य सहयोगियों ने अतिथियों का सम्मान किया। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप को राष्ट्र का गौरव बताते हुए कहा कि यह यात्रा एकता और स्वाभिमान का संदेश देगी। अध्यक्ष अनिल सिसोदिया ने जनता के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह में योगेंद्र सिंह गहलोत, छोटू राणा, विकाश सिंह पौरुष सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और कार्यक्रम का समापन महाराणा प्रताप के जयघोष व शोभायात्रा को सफल बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।






















