Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 मार्च । जिले की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसे जानलेवा रोग से सुरक्षित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। शासन की ओर से जनपद को पहले चरण के लिए 4760 गार्डासिल (Gardasil) वैक्सीन की खेप उपलब्ध करा दी गई है। अगले सप्ताह से जिला महिला अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ कर दिया जाएगा।

14 से 15 वर्ष की किशोरियों को लगेगा मुफ्त टीका

डिप्टी सीएमओ और अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. एम.आई. आलम ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत उन किशोरियों का चयन किया गया है जिनकी उम्र 14 वर्ष पूरी हो चुकी है और 15 वर्ष से कम है। जिले में कुल 19,079 किशोरियों को यह वैक्सीन लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकारी केंद्रों पर यह टीका पूरी तरह नि:शुल्क लगाया जाएगा, जबकि बाजार में एक वैक्सीन की कीमत तीन हजार रुपये से अधिक है।

आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता करेंगी जागरूक

वैक्सीन को लेकर किसी भी प्रकार के भ्रम या अफवाह को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। महिलाओं और किशोरियों को बताया जाएगा कि यह वैक्सीन भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में कितनी प्रभावी है।

नियमित होगी अभियान की समीक्षा

डॉ. आलम ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पात्र किशोरी को वैक्सीन की एक डोज लगाई जाएगी। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए नियमित रूप से समीक्षा बैठकें की जाएंगी ताकि कोई भी पात्र किशोरी इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे। जिला महिला अस्पताल सहित ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों पर इसके लिए विशेष बूथ बनाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page