
अलीगढ़ 18 मार्च । मंगलायतन विश्वविद्यालय में “नेक्स्ट जेन मार्केटिंग मैनेजमेंट: डेटा, डिसीजन और डायरेक्शन” पुस्तक का विमोचन कुलपति प्रो. पीके दशोरा, कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह एवं परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षाविदों ने पुस्तक को आधुनिक मार्केटिंग के बदलते स्वरूप को समझने में उपयोगी बताया। लेखक डा. विपिन कुमार ने बताया कि पुस्तक में आधुनिक मार्केटिंग के विकसित होते परिदृश्य को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है, जिसमें तकनीक, डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया और ग्राहक केंद्रित दृष्टिकोण को प्रमुखता दी गई है। इसमें बताया गया है कि किस प्रकार डिजिटल युग में डेटा और तकनीक मार्केटिंग रणनीतियों को नई दिशा दे रहे हैं। वर्तमान समय में मार्केटिंग केवल डिजिटल माध्यम से उत्पाद बेचने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि ग्राहकों की जरूरतों को समझकर दीर्घकालिक संबंध स्थापित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण हो गया है। यह पुस्तक इसी बदलते दृष्टिकोण को स्पष्ट करती है। इस अवसर पर डीन एकेडमिक प्रो. अंबरीश शर्मा, डीन आईबीएमसी प्रो. राजीव शर्मा, प्रो. अनुराग शाक्य, प्रो. किशनपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।


























