
अलीगढ़ 14 मार्च । मंगलायतन विश्वविद्यालय में पुरातन छात्र मिलन समारोह-2026 का आयोजन किया गया, जिसमें भूतपूर्व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों ने अपने पुराने साथियों, प्राध्यापकों और विश्वविद्यालय परिसर से जुड़ी यादों को ताजा किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर पुरातन छात्रों का तिलक लगाकर और अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में नृत्य, संगीत और कविता की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। पुरातन छात्र परिषद की अध्यक्षा डा. सोनी सिंह का प्रो. सिद्धार्थ जैन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डा. लव मित्तल ने विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वविद्यालय के बुनियादी ढांचे और शैक्षणिक कार्यक्रमों में हुए हालिया विकास पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपने छात्र जीवन के संस्मरण साझा कर पुरानी यादों को ताजा किया। साथ ही विश्वविद्यालय को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कशिश, वंशिका, रुद्राक्ष, तन्मय, मानसी और वंश ने शानदार प्रस्तुति दी। कुलपति प्रो. पीके दशोरा, कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह और संयुक्त कुलसचिव प्रो. दिनेश शर्मा ने सभी को शुभकामनाएं दीं। आयोजन में डा. नियति शर्मा, डा. उन्नति जादौन, डा. श्वेता भारद्वाज, प्रियांशी और दीपांशु का सहयोग रहा। संचालन शानू गुप्ता ने किया।


























