Hamara Hathras

Latest News

नोएडा/ग्रेटर नोएडा 08 मार्च । खाड़ी देशों में छिड़े युद्ध के कारण उत्पन्न वैश्विक अनिश्चितता का असर अब एनसीआर के पेट्रोल पंपों पर भी दिखने लगा है। रविवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो गया, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है, यह केवल परिवहन (ट्रांसपोर्ट) से जुड़ी एक अस्थायी समस्या है। युद्ध के चलते कच्चे तेल की कीमतों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उछाल आने की खबरों से आम जनता में दहशत है। इस डर से कि कहीं भारत में भी कीमतें न बढ़ जाएं, शनिवार को शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। लोगों ने भविष्य की आशंकाओं को देखते हुए अपनी गाड़ियों के टैंक फुल करवा लिए, जिससे पंपों पर ईंधन की मांग अचानक कई गुना बढ़ गई। पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार, अचानक बढ़ी मांग के कारण देर रात तक कई पंपों का स्टॉक खत्म हो गया। रविवार को पेट्रोल की टैंकर गाड़ियां न पहुंचने के कारण दिन भर पंपों पर ‘नो पेट्रोल’ की स्थिति रही। पंप संचालक ब्रजेश कुमार ने बताया कि पेट्रोलियम कंपनियों ने सोमवार तक आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है, लेकिन फिलहाल कोई ठोस कारण नहीं बताया गया है। गाजियाबाद में भी इसी तरह की स्थिति की खबरें सामने आई हैं। प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, “पेट्रोल की कमी नहीं है, कंपनियों के पास पर्याप्त भंडार मौजूद है। यह केवल ट्रांसपोर्ट के स्तर पर आई एक छोटी सी बाधा है, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा। दाम बढ़ने की आशंका निराधार है और आपूर्ति कल तक पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page