
हाथरस 02 मार्च । रालोद नेता प्रवीण पौनियां मध्य एशिया में सैन्य संघर्ष के कारण ओमान के मस्कट में परिवार सहित फंस गए थे, आज सुबह गोवा पहुंच गए हैं। वे मुरसान के गांव करील के निवासी हैं। पौनियां परिवार 1 मार्च को केरल के रास्ते ओमान से रवाना हुआ था। गोवा पहुंचने के बाद, वे दोपहर 3 बजे की फ्लाइट से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। दिल्ली से वे कार द्वारा अपने निवास मथुरा पहुंचेंगे, जिसकी उम्मीद आज रात तक है। प्रवीण पौनियां अपनी बेटी, पत्नी और बहन के साथ 26 फरवरी को ओमान घूमने गए थे। वे मस्कट शहर के एक होटल में ठहरे हुए थे। शनिवार को अमेरिका और इस्राइल के ईरान पर हमले के बाद सैन्य संघर्ष शुरू होने और तनावपूर्ण हालात के कारण उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई, जिससे वे परिवार सहित वहां फंस गए थे। आज सुबह हुई बातचीत में प्रवीण पौनियां ने बताया कि वे फिलहाल सुरक्षित हैं और जल्द ही घर लौट आएंगे। उनके ओमान में फंसने की खबर से समर्थकों और परिवार के सदस्यों में चिंता थी। सभी उनसे लगातार संपर्क बनाए हुए थे।



































