
सादाबाद 02 मार्च । त्योहारों के मद्देनजर चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सीएमओ ने रविवार देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ डॉ. राजीव राय ने रात 10:40 बजे यह निरीक्षण किया। सीएमओ डॉ. राजीव राय के अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में इमरजेंसी सेवाएं और प्रसूति वार्ड संचालित पाए गए। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक और अन्य स्टाफ भी उपस्थित मिले। सीएमओ ने इमरजेंसी कक्ष में भर्ती मरीजों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उपलब्ध दवाओं, ऑक्सीजन सिलेंडर, आवश्यक उपकरणों और साफ-सफाई व्यवस्था का भी बारीकी से जायजा लिया। प्रसूति वार्ड में भर्ती महिलाओं से भी बात कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की गई। डॉ. राय ने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं पूरी तत्परता के साथ संचालित की जाएं। उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, बिजली-पानी की व्यवस्था और एंबुलेंस सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संभावित भीड़ और आकस्मिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त दवाओं, जीवनरक्षक उपकरणों और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आमजन को बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

























