
हाथरस 02 मार्च । ब्रज की ‘द्वार देहरी’ कहे जाने वाले ऐतिहासिक शहर हाथरस में होली के पर्व को लेकर जन-जन में खासा उत्साह और उमंग देखी जा रही है। चारों ओर रंगों की महक और फाग के गीतों के बीच शहर पूरी तरह से होली के रंग में सराबोर हो चुका है। होलिका दहन को लेकर हाथरस में विद्वानों के अलग-अलग मत हैं। शहर के किला गेट के स्थित ‘बड़ी होली’ के अलावा कई स्थानों पर होलिका दहन कल मंगलवार को सुबह 05:20 बजे पारंपरिक गरिमा के साथ किया जाएगा। वहीं नगर में विभिन्न स्थानों पर आज शाम 7 बजे से 9:30 बजे तक होलिका दहन संपन्न होने की सूचना मिल रही है।
आज सुबह से ही शहर के विभिन्न चौराहों, मोहल्लों और गलियों में होलिका स्थापित करने का सिलसिला शुरू हो गया। कई स्थानों पर आकर्षक रंगोलियाँ सजाई गईं और बड़ी संख्या में महिलाओं ने समूहों में पहुँचकर होलिका माता की पूजा-अर्चना की। घरों में भी छोटी होलिकाएं रखकर सुख-समृद्धि की कामना की गई। मंदिरों में पिछले कई दिनों से चल रहे होली उत्सवों की श्रृंखला आज भी जारी रही, जहाँ श्रद्धालुओं ने भगवान के साथ फूलों और अबीर की दिव्य होली खेली। त्योहार के चलते स्थानीय बाजारों में सुबह से ही पैर रखने की जगह नहीं थी। किला गेट, सासनी गेट और अन्य मुख्य बाजारों में रंग-गुलाल, रंग-बिरंगी पिचकारियों और बच्चों के लिए आकर्षक मुखौटों की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई। इसके साथ ही मिठाइयों, गुझिया के सामान और फूलमालाओं की भी जमकर खरीदारी हुई। होली के पावन पर्व पर शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। खुफिया तंत्र (LIU) को सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या अराजकता को रोका जा सके। पुलिस प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी होलिकाएं पूर्व निर्धारित और सुरक्षित स्थलों पर ही स्थापित हों। शहर से लेकर देहात तक पुलिस बल निरंतर गश्त कर रहा है, जिससे आमजन निर्भय होकर त्योहार मना सकें।



































