
सादाबाद 01 मार्च । समाजसेवी और रालोद के वरिष्ठ युवा नेता प्रवीन पौनिया अपनी पत्नी, बहन और बेटी के साथ ओमान में फंसे हुए हैं। खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रद्द होने के कारण उनकी वापसी में देरी हो रही है। यह स्थिति अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच 28 फरवरी से शुरू हुए सैन्य संघर्ष के कारण उत्पन्न हुई है। इस तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर स्पष्ट रूप से दिख रहा है। प्रवीन पौनिया 26 फरवरी को ओमान घूमने गए थे। खाड़ी क्षेत्र में कई उड़ानें निरस्त कर दी गई हैं, जिससे दुबई का हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। परिजनों से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि वे सभी सुरक्षित हैं और उन्हें उम्मीद है कि वे जल्द ही सादाबाद वापस आ जाएंगे। उनके सहयोगी और पार्टी कार्यकर्ता लगातार उनसे संपर्क में हैं। उन्होंने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर बताया है कि वह केरल भारत के लिए निकल रहे हैं। जल्द अपने लोगों से मिलेंगे।





































