
हाथरस 01 मार्च । ग्राम ऐहन स्थित एमएस पब्लिक स्कूल में शनिवार को वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। स्कूल प्रबंधक प्रहलाद सिंह सिसोदिया के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं मेधावियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेंद्रपाल गुप्ता ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पदम सिंह वर्मा उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य संजय सिंह ने विद्यालय पधारने पर सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर, पटका पहनाकर और पारंपरिक पगड़ी बांधकर भव्य स्वागत किया। वार्षिक परीक्षा और खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण अंचल में शिक्षा की अलख जगाने वाले ऐसे संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन परसारा के प्रधान मनोज सिसोदिया (एडवोकेट) द्वारा किया गया। इस गरिमामय समारोह के दौरान वीरी सिंह राणा, आई.के. राना, योगेंद्र यादव (प्रधान), पुष्पेंद्र सिंह (प्रधान), देवेंद्र शर्मा, चंद्रशेखर (पूर्व प्रधान), गुड्डू जी, सतेंद्र सिंह और चरण सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं अभिभावक उपस्थित रहे।





































