Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 मार्च । हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पुत्रवधू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता जय सिंह का आरोप है कि घरेलू विवाद के चलते उनके बेटे अभय चौधरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता ने पुत्रवधू और उसके जीजा पर बेटे को प्रताड़ित करने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। जय सिंह, निवासी गांव पवलोई, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 फरवरी को वह परिवार के साथ एक शादी समारोह में गए थे। घर पर उनके बेटे अभय चौधरी, उसकी पत्नी करिश्मा और दूसरे बेटे विवेक की पत्नी रश्मि मौजूद थीं। अभय और करिश्मा के बीच घरेलू बातों को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। जय सिंह के अनुसार, शादी के बाद से ही करिश्मा उनके बेटे को प्रताड़ित करती थी। अभय अपनी पत्नी को दूसरों से फोन पर बात न करने के लिए कई बार समझा चुका था, जिससे वह काफी परेशान था। 20 फरवरी को करिश्मा ने फिर से अभय से झगड़ा शुरू कर दिया। उस समय करिश्मा की बड़ी बहन भी घर पर मौजूद थी। इस झगड़े से परेशान होकर अभय ने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद करिश्मा ने अपने जीजा किशनवीर पुत्र वीरेंद्र, निवासी मिर्गामई, हाथरस जंक्शन को बुला लिया। आरोप है कि किशनवीर अपने साथ एक अज्ञात व्यक्ति को लेकर आया और अभय को मोटरसाइकिल पर बैठाकर मैंडू ले गया, लेकिन वहां उसका इलाज नहीं कराया। इसके बजाय, वे अभय को मैंडू फाटक के पास छोड़कर भाग गए।

अलीगढ़ में उपचार के दौरान तोड़ा दम…

जब जय सिंह के दूसरे बेटे धारा सिंह को फोन पर सूचना मिली, तो परिवार अभय को बागला अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बेहतर इलाज के लिए परिवार अभय को आराध्या हॉस्पिटल, महुआ खेड़ा, अलीगढ़ ले गया, जहां उपचार के दौरान अभय चौधरी की मृत्यु हो गई। अभय के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद दाह संस्कार किया गया। जय सिंह ने अभी इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page