
सादाबाद 01 मार्च । कुरसंडा में रविवार सुबह प्लाईवुड से देवी-देवताओं की प्रतिमाएं बनाने वाले गोदाम में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसमें लाखों का नुकसान बातया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गांव कुरसंडा निवासी महेंद्र सिंह इस गोदाम में प्लाईवुड से देवी-देवताओं की प्रतिमाएं बनाने का काम करते हैं। वह पिछले लगभग एक वर्ष से यह व्यवसाय कर रहे थे, जबकि इससे पहले उनका खाद-बीज का कारोबार था। यहां तैयार प्रतिमाएं प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भेजी जाती थीं। रविवार सुबह अचानक गोदाम से धुआं उठता देख आसपास के लोगों को आग लगने की जानकारी मिली। आग ने जल्द ही पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने बाल्टियों और मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन प्लाईवुड और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने दमकल को सूचना दी। दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को और फैलने से रोका गया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा भारी मात्रा में तैयार माल, कच्चा माल और अन्य उपकरण जलकर खाक हो चुके थे। ग्रामीणों की सूझबूझ से कुछ प्लाईवुड और अधूरी प्रतिमाएं बाहर निकाल ली गईं, जिससे नुकसान कम हुआ। फिर भी, प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका व्यक्त की जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।





































