Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 मार्च । यूजीसी बिल और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में राष्ट्रीय सवर्ण परिषद का आंदोलन रविवार को उग्र रूप में नजर आया। कंचन नगर में चल रहे सत्याग्रह के 23वें दिन परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज धवरैय्या के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र के समक्ष ‘पिंडदान’ की रस्म अदा की। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर हुंकार भरी।

“नरेंद्र मोदी सवर्णों के लिए मृत”

धरना स्थल पर मौजूद पंकज धवरैय्या ने बेहद तीखे शब्दों में सरकार पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हम जिन्हें भगवान मानकर लाए थे, उन्होंने ही सवर्णों और सनातन के विरुद्ध कार्य किया है। प्रधानमंत्री ने एससी-एसटी एक्ट के मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पलटकर सवर्णों के साथ अन्याय किया और अब यूजीसी काला कानून लाकर युवाओं को आपस में लड़ाने की साजिश रची जा रही है। हमारे लिए प्रधानमंत्री अब ‘मृत’ समान हैं, इसलिए आज हमने उनका पिंडदान कर राजनीति से उनके विदा होने की कामना की है।”

23 दिनों से जारी है विरोध प्रदर्शन

आपको बता दें कि पंकज धवरैय्या की पदयात्रा को प्रशासन द्वारा 23 दिन पूर्व रोके जाने के बाद से ही वह कंचन नगर स्थित अपने आवास के बाहर धरने पर बैठे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सवर्णों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह धरना तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं। इस दौरान भारी संख्या में परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। खुफिया तंत्र (LIU) धरना स्थल की हर गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि कानून व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। पिंडदान की इस अनोखी और विवादास्पद रस्म के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page