Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 27 फरवरी । शहर के मुरसान गेट से मधुगढ़ी होते हुए मथुरा और इगलास रोड को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों राहगीरों के लिए ‘खतरों का सफर’ बन गया है। करीब 600 मीटर के दायरे में सात सीवर मैनहोल पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, जिनके टूटे ढक्कन और धंसे हुए गड्ढे किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। दो महीने से बनी इस स्थिति ने स्थानीय निवासियों और राहगीरों की नींद उड़ा रखी है।

ओवरब्रिज बनने के बाद बढ़ा ट्रैफिक का दबाव

तालाब पर ओवरब्रिज का निर्माण होने के बाद आगरा रोड और मुरसान गेट से मथुरा रोड जाने वाले भारी वाहनों का पूरा दबाव इसी मार्ग पर आ गया है। लगातार भारी ट्रैफिक गुजरने के कारण सीवर लाइन के मैनहोल के ढक्कन बार-बार टूट रहे हैं। वर्तमान में सात स्थानों पर मैनहोल क्षतिग्रस्त हैं, जो सड़क के बीचों-बीच खुले पड़े हैं।

रात के अंधेरे में और बढ़ जाता है खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के उजाले में तो जैसे-तैसे वाहन बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय स्थिति बेहद डरावनी हो जाती है। अंधेरे में दोपहिया वाहन चालकों को ये खुले मैनहोल दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। राहगीरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई, तो यहाँ कोई जानलेवा दुर्घटना हो सकती है।

नगर पालिका का आश्वासन : जल्द लगेंगे नए ढक्कन

समस्या के संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) रोहित सिंह ने बताया कि विभाग इस समस्या से अवगत है। उन्होंने कहा, “मैनहोल के नए ढक्कन मंगवा लिए गए हैं। शीघ्र ही मरम्मत कार्य शुरू कराकर सभी जर्जर मैनहोलों को दुरुस्त कर दिया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page