
हाथरस 27 फरवरी । आगामी होली पर्व और रमजान माह के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अपर पुलिस अधीक्षक और भारी पुलिस बल के साथ थाना चंदपा क्षेत्र के मुख्य बाजारों और ग्रामीण इलाकों में पैदल गस्त (फुट पेट्रोलिंग) कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल गस्त के दौरान एसपी ने थाना चंदपा क्षेत्र के ग्राम चंदपा, नगला भुस तिराहा सहित प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा और क्षेत्राधिकारी सादाबाद अमित पाठक भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया और उन्हें पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि होली और रमजान का पवित्र महीना आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्यौहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। एसपी ने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि बाजारों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जहां महिलाओं की उपस्थिति अधिक है, वहां महिला पुलिस कर्मियों की निरंतर पेट्रोलिंग लगाई जाए। धार्मिक स्थलों, मंदिरों, होटलों और सामूहिक कार्यक्रम स्थलों के पास प्रभावी फ्लैग मार्च किया जाए। स्थान चिन्हित कर बैरियर लगाए जाएं और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहनता से तलाशी ली जाए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक चंदपा व अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र के व्यापारियों और आमजन में सुरक्षा का भाव देखा गया।















