Hamara Hathras

Latest News

सासनी 25 फरवरी । आगामी होली के त्योहार के मद्देनजर आम जनमानस को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, बुधवार को उपजिलाधिकारी सासनी नीरज कुमार शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तहसील क्षेत्र में मिलावटखोरों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। इस दौरान रुदायन रोड स्थित एस.एस. ट्रेडर्स पर अचानक छापा मारा गया, जिससे क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। सहायक आयुक्त खाद्य-2 रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता की देखरेख में हुई इस कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान से खुले सरसों के तेल और ‘केसर’ ब्रांड के तिल के तेल के नमूने जांच हेतु लिए गए। संदेह के आधार पर टीम ने मौके पर मौजूद लगभग 50 लीटर सरसों का तेल और 60 लीटर तिल का तेल सीज कर दिया। जब्त किए गए सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विकास कुमार, करतार सिंह और सुरेंद्र कुमार गोड शामिल रहे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मिलावट के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page