Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 फरवरी । हाथरस के हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव की विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज की अतिरिक्त मांग, मारपीट, उत्पीड़न और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। विवाहिता की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे दिल्ली में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार शाम उसकी मृत्यु हो गई। मृतका की पहचान 23 वर्षीय शीनू पुत्री मुकेश कुमार निवासी सिंधौली के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2023 में गांव नगला मिया पट्टी देवरी निवासी अवनीश पुंढीर पुत्र सुरेश पुंढीर से हुई थी। शीनू के परिजनों ने बताया कि शादी के बाद उसने एक पुत्री को जन्म दिया। इसके बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे।परिजनों का आरोप है कि शीनू का रंग सांवला होने के कारण पति, ससुर, सास, ननद और ननदोई उससे दहेज की अतिरिक्त मांग करते थे। वे उसे ‘काली’ कहकर अपमानित करते और गाली-गलौज व मारपीट करते थे। कई बार विवाद होने पर ससुराल वाले शीनू को मायके से बुलाकर भी ले गए थे।

शीनू दूसरी बार गर्भवती हुई, तो ससुराल वालों ने भ्रूण लिंग परीक्षण कराकर पता लगा लिया कि गर्भ में पल रहा शिशु लड़की है। इसके बाद उन्होंने शीनू को गर्भपात की दवा खिला दी, जिससे उसे रक्तस्राव होने लगा। बाद में उसका जबरन गर्भपात करा दिया गया। इस घटना के बाद शीनू की तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर ससुराल वाले शीनू को उसके मायके सिंधौली में छोड़कर चले गए। जब मायके पक्ष ने इस बारे में पति और अन्य ससुराल वालों से बात की, तो पति उसे वापस अपने घर ले गया। हालांकि, वहां फिर से उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई और उसे दोबारा मायके में छोड़ दिया गया। शीनू की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे दिल्ली उपचार के लिए ले गए, जहां मंगलवार शाम उसकी मृत्यु हो गई। मृत्यु के बाद परिजन शव को लेकर हसायन कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page