
सासनी 20 फरवरी । आज आर-सेटी सासनी में वृहद ऋण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 300 से अधिक अभ्यर्थियों ने सहभागिता की, जहां विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों द्वारा अपने-अपने बैंक स्टॉल लगाकर ऋण वितरण किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के अंतर्गत 117 आवेदनों को बैंकों द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 53 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 4 लाभार्थियों को ऋण वितरण किया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक केनरा बैंक द्वारा जानकारी दी गई कि शिविर में बैंकों के माध्यम से पीएम सूर्य घर योजना, पीएमएफई योजना सहित अन्य ऋण योजनाओं के अंतर्गत कुल 210 लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी हाथरस द्वारा की गई तथा मंच से 5 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग, उप जिलाधिकारी सासनी, खंड विकास अधिकारी सासनी, अग्रणी जिला प्रबंधक, जनपद की समस्त बैंकों के जिला समन्वयक एवं शाखा प्रबंधक, आर-सेटी निदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।













