
हाथरस 07 फरवरी । आज मथुरा-बरेली हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौके पर ही जान चली गई। घटना हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव वाहनपुर के पास आज सुबह करीब 7:30 बजे की है।
मृतक की पहचान थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी 25 वर्षीय पुनीत पुत्र हेमंत के रूप में हुई है। बताया गया कि अज्ञात वाहन ने बाइक को इतनी भीषण टक्कर मारी कि पुनीत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सड़क पर युवक का शव पड़ा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि पुनीत अलीगढ़ के इगलास स्थित एक दूध प्लांट में नाइट ड्यूटी करता था और ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने गांव सलेमपुर लौट रहा था। इसी दौरान वाहनपुर के पास हादसा हो गया। मृतक युवक अविवाहित था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

















