मां की फटकार से आहत युवक ने काटी हाथ की नस, अस्पताल में किया हंगामा, पुलिस ने समझा-बुझाकर कराया शांत

हाथरस 05 फरवरी । हाथरस के चंदपा कोतवाली क्षेत्र के मीतई गांव में मां की फटकार के बाद एक युवक ने अपने हाथ की नस काट ली। युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद युवक घर पर हंगामा करने लगा और इलाज के लिए अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में भी युवक ने हंगामा जारी रखा और इलाज कराने से मना कर दिया। परिवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। युवक की मां ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली के एक अस्पताल में नर्सिंग का काम करती हैं। उन्होंने बताया कि पास के ही एक गांव की दो लड़कियों ने उनके बेटे पर छेड़खानी का झूठा आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर उन्होंने अपने बेटे को फटकारा था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने बाद में युवक को समझा-बुझाकर शांत किया।













