
हाथरस 18 अगस्त। पीबीएएस इंटर कॉलेज में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध उद्योगपति, समाजसेवक, मानवतावादी एवं आध्यात्मिक व्यक्तित्व तथा कॉलेज के प्रबंधक शशिकांत बागला मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि विद्यालय के पूर्व छात्र एवं उद्योगपति श्याम खेतान, उप प्रबंधक पीयूष बागला और प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार शुक्ला ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम का संचालन रसायन विज्ञान प्रवक्ता डॉ. मनोज शर्मा और अंग्रेजी प्रवक्ता बसंत कुमार सिंह ने किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री गुलाब देवी एवं शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल द्वारा भेजे गए संदेशों का वाचन किया गया। संगीत प्रवक्ता शाकिर अली के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनकी अतिथियों ने सराहना की। बगला इंटर कॉलेज के पूर्व प्रबंधक एवं वर्तमान में बागला डिग्री कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव प्रदीप बागला ने विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप पांच हजार रुपये प्रदान किए। यह राशि उनके सुपुत्र पीयूष बागला द्वारा संगीत प्रवक्ता शाकिर अली को विद्यार्थियों में वितरित करने के लिए दी गई। विशिष्ट अतिथि एवं सायरा फाउंडेशन नोएडा के अध्यक्ष श्याम खेतान ने विद्यार्थियों को मोमेंटो, चेक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कक्षा 10 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले एक छात्र और एक छात्रा को पांच-पांच हजार रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले एक छात्र और एक छात्रा को ढाई-ढाई हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। खेलों में अग्रणी भूमिका निभाने वाले एक छात्र और एक छात्रा को भी पांच-पांच हजार रुपये के चेक देकर पुरस्कृत किया गया। बताया गया कि श्याम खेतान पिछले तीन वर्षों से विद्यालय के विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि प्रदान कर रहे हैं। विद्यालय के पूर्व छात्र होने के नाते प्रबंधक शशिकांत बागला ने श्याम खेतान को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में शशिकांत बागला ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय की प्रगति में सभी से सहयोग की अपेक्षा की। श्याम खेतान ने विद्यार्थियों को शिक्षा और अनुशासन का महत्व बताते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए सफलता के उच्च शिखर तक पहुंचा जा सकता है और दुनिया में किसी भी उपलब्धि को हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी और बताया कि स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे, बेगम हजरत महल, लियाकत अली, कुंवर सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, सरदार भगत सिंह और सरदार वल्लभभाई पटेल सहित प्रमुख स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, अनुशासन और लगन से निर्वहन करने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षकों और विद्यार्थियों से शिक्षा मंत्री एवं शिक्षा निदेशक की अपेक्षाओं के अनुरूप मेहनत कर बेहतर परीक्षा परिणाम देने की अपील की। कार्यक्रम में जितेंद्र सिंह एवं संजीव सेंगर ने अतिथियों का बुके और बैज लगाकर स्वागत किया। डॉ. गोपाल प्रसाद एवं ज्ञानेंद्र एनसीसी कैडेट्स के साथ मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे, जिन्हें जीव विज्ञान प्रवक्ता चंद्रगुप्त मौर्य ने बैज लगाकर सम्मानित किया। अंत में सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार शुक्ला ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।












