
हाथरस (मुरसान) 29 जून। सब्जी मंडी में रविवार शाम कार और बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना से मंडी क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, थाना इगलास क्षेत्र के गांव मई निवासी जंग बहादुर सिंह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बाइक से मुरसान सब्जी मंडी से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान एक कार की उनकी बाइक से टक्कर हो गई। जंग बहादुर का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कार में सवार दो-तीन लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट करने लगे। घटना के दौरान मंडी में मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में किया। घटना की सूचना मिलते ही मुरसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


























