Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 जुलाई। शासन की लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित फैमिली आईडी (एक परिवार-एक पहचान) योजना के तहत आज जनपद के सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के फील्ड कर्मचारियों ने पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनके नए आवेदन कराए। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विभिन्न विभागों की योजनाओं से वंचित पात्र परिवारों को फैमिली आईडी से जोड़कर उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। अभियान के प्रभावी संचालन एवं निगरानी के लिए पंचायती राज विभाग के सभी सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को सुपरविजन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके अलावा जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी क्षेत्र का भ्रमण कर अभियान की निगरानी की। उन्होंने बताया कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से जनपद के सभी विकास खंडों में कुल 504 नए आवेदन प्राप्त किए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फैमिली आईडी योजना की प्रगति में प्रतिदिन वृद्धि सुनिश्चित की जाए तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में अपेक्षित रुचि न लेने पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सिकंदराराऊ तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), हाथरस के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को अभियान को गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ संचालित करते हुए पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page