
हाथरस 23 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा वर्ष 2025 की भर्ती प्रक्रिया के तहत 41,424 होमगार्ड पदों पर चयनित अभ्यर्थियों का परिणाम घोषित किए जाने के क्रम में जनपद हाथरस के 495 अभ्यर्थियों का होमगार्ड पद पर चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति से पहले की प्रक्रिया के तहत चिकित्सा परीक्षण और चरित्र सत्यापन की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स, हाथरस के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षण और चरित्र सत्यापन के लिए कार्यालय की ओर से बुलावा पत्र जारी किए गए थे। चिकित्सा परीक्षण संपन्न कराने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हाथरस द्वारा चिकित्सा बोर्ड का गठन किया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 से 17 अक्टूबर 2026 तक 396 पुरुष अभ्यर्थियों तथा 21 और 22 अक्टूबर को 99 महिला अभ्यर्थियों की चिकित्सा परीक्षा एवं चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया रिजर्व पुलिस लाइन, हाथरस में संपन्न कराई गई।
कुल 495 चयनित अभ्यर्थियों में से पांच अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया में अनुपस्थित रहे, जबकि चार अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षण के सभी चरणों की कार्रवाई पूरी होने के बाद असफल घोषित किया गया है। शेष अभ्यर्थियों की प्रक्रिया निर्धारित नियमानुसार पूरी की गई है। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति के संबंध में आगे की कार्रवाई होमगार्ड्स मुख्यालय, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के अनुसार की जाएगी।










