Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

Spor karşılaşmalarına hızlı bahis yapmak için bahsegel kategorisi seçiliyor.

हाथरस 23 अक्टूबर । आगामी त्योहारों को देखते हुए हाथरस जिला प्रशासन ने मिलावटी खाद्य पदार्थों, नकली दवाओं और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर औषधियों की बिक्री के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण और विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य और हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय स्टेयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान जनसामान्य को सुरक्षित एवं मानक के अनुरूप खाद्य पदार्थ तथा गुणवत्तापूर्ण औषधियां उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्टेयरिंग कमेटी का मुख्य उद्देश्य खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के कार्यों में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और एकरूपता सुनिश्चित करना है। इसके लिए संबंधित विभागों, खाद्य कारोबारकर्ताओं, औद्योगिक संगठनों और आमजन की सहभागिता बढ़ाई जाए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी न्यायिक को अधिकारियों एवं हितधारकों के लिए कार्यशालाएं आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि सभी को अपने अधिकारों और दायित्वों की जानकारी मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण और प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्ट्रीट वेंडर्स एवं खाद्य कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव, साफ-सफाई और निर्धारित मानकों के पालन के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। त्योहारों और व्रत के दौरान विशेष रूप से बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए सभी स्तरों पर जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाने और जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त खाद्य तेलों के बार-बार इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए प्रभावी निगरानी करने तथा इस्तेमाल के बाद संबंधित एजेंसियों को बेचे जाने वाले प्रयुक्त कुकिंग ऑयल का विवरण और रिपोर्ट तैयार कराने को कहा, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

जिलाधिकारी ने मेडिकल स्टोर पर दवाओं की निर्धारित कीमत से अधिक वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर दवा बेचने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकतानुसार संबंधित प्रतिष्ठान को सील भी किया जा सकता है। औषधि निरीक्षक को सभी औषधि केंद्रों पर दवाओं की मूल्य सूची चस्पा कराने तथा प्रत्येक दुकान पर फार्मासिस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेडिकल स्टोर पर तैनात फार्मासिस्ट का नाम, मोबाइल नंबर और संबंधित औषधि केंद्र के पते सहित सूची तैयार कराने को कहा। जिलाधिकारी ने मेडिकल एसोसिएशन से अपील की कि दवाओं की बिक्री उचित एवं निर्धारित मूल्य पर ही की जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आमजन को बेहतर और सस्ता इलाज उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनपद में कोडीन युक्त सिरप सहित प्रतिबंधित अथवा अनधिकृत औषधियों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औषधियों की बिक्री और वितरण पर नियमानुसार निगरानी रखी जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही जिला आबकारी अधिकारी को अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने, अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों को चिह्नित करने और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित छापेमारी और सतत निगरानी के माध्यम से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यक्ति या कारोबारी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और किसी के अधिकारों का हनन न हो। सभी कार्रवाई नियमानुसार, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सुनिश्चित की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, संबंधित विभागीय अधिकारी, उद्योग बंधु, कारोबारी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page