Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 सितम्बर। उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बागला डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विद्यार्थियों की इस सफलता पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) महावीर सिंह छौंकर के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन तथा मुख्य अनुशासन अधिकारी प्रोफेसर (डॉ.) के एन त्रिपाठी और साहित्य गतिविधि संयोजक डॉ. दीपा ग्रोवर के निर्देशन में विद्यार्थियों ने हासिल की। प्राचार्य ने सभी विजेता प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विद्यार्थियों को इसी तरह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बागला कॉलेज के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। चित्रकला प्रतियोगिता में खुशी कौशिक ने प्रथम तथा हर्षिता भास्कर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में योगेश कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में पलक स्वामी ने प्रथम तथा अंजली पौनिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं विजेताओं को माया इंस्टीट्यूट, हाथरस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर द्वारा आशीर्वचन प्रदान करते हुए प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन में उच्च शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. संजीव कुमार, राजकीय महाविद्यालय सिकंदराराऊ, सहायक नोडल अधिकारी डॉ. कमलेश कुशवाहा, सेठ फूल चन्द बागला पी.जी. कॉलेज, हाथरस तथा नोडल सहायक यतीश कुमार नगाइच, सेठ फूल चन्द बागला पी.जी. कॉलेज, हाथरस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर हाथरस जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यार्थियों की इस सफलता पर महाविद्यालय परिवार ने सभी विजेता प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page