Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 नवंबर । यूजीसी की विवादित गाइडलाइन को लेकर छात्रों और नागरिकों के बीच उठ रहे सवालों एवं नाराजगी के बीच भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेन्द्र शर्मा ने हाथरस में विभिन्न वर्गों के नागरिकों और छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया। इस दौरान यूजीसी की गाइडलाइन, छात्रों के अधिकारों, शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में सरकार के कार्यों के साथ-साथ मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति को लेकर भी खुलकर चर्चा हुई। संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं ने यूजीसी की गाइडलाइन को लेकर भाजपा नेता के सामने कई तीखे सवाल रखे। छात्रों ने अपनी आशंकाओं और चिंताओं को खुलकर व्यक्त किया। यतेन्द्र शर्मा ने सभी सवालों का जवाब देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार किसी भी वर्ग के छात्र-छात्राओं के साथ अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में समान अवसर और युवाओं का भविष्य सरकार की प्राथमिकता है।

यतेन्द्र शर्मा ने आरोप लगाया कि मोदी-योगी सरकार के खिलाफ लगातार राजनीतिक षड्यंत्र के तहत माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक ताकतें विकास और जनहित के मुद्दों से ध्यान हटाकर तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देना चाहती हैं, ताकि सत्ता के माध्यम से परिवारवाद और राजनीतिक स्वार्थों को लाभ पहुंचाया जा सके।
शर्मा ने कहा कि धर्म विशेष की ख़ातिर विपक्षी दल इस देश की सामाजिक एकता को छिन्न भिन्न करना चाहते हैं। और इसीलिए युवाओं को भड़काने का काम करके जातियों को आपस में भिड़ाना चाहते हैं लेकिन उनके ये कुत्सित मंसूबे किसी भी हालत में पूरे नहीं होंगे। उत्तर प्रदेश परिवार के विकास की जगह, धर्म विशेष के विकास की जगह उत्तम प्रदेश बनने की राह पर चल पड़ा है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की राजनीति का केंद्र सभी वर्गों का विकास और युवाओं का भविष्य होना चाहिए, न कि वोट बैंक की राजनीति।

भाजपा प्रदेश मंत्री ने कहा कि मोदी और योगी सरकार शिक्षा, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और विकास के क्षेत्र में लगातार काम कर रही हैं। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक वर्ग के युवाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें और किसी के साथ भेदभाव न हो। मोदी सरकार का वायदा है कि किसी के साथ भी भेदभाव नहीं होने दिया जायेगा। कार्यक्रम में कई गांवों के प्रधानों सहित विभिन्न सामाजिक वर्गों के नागरिक भी विशेष रूप से मौजूद रहे। संवाद के दौरान यूजीसी गाइडलाइन और तुष्टिकरण की राजनीति को लेकर हुई चर्चा में युवाओं ने भी सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम के बाद मौजूद युवा वर्ग के कई प्रतिभागियों ने संवाद को लेकर संतोष व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page