
हाथरस 10 अगस्त। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव कुरार में एक महिला ने पड़ोसी परिवार पर लगातार उत्पीड़न, गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही न्याय नहीं मिलने पर अपनी और अपनी मां की जान देने की बात कही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव कुरार निवासी सारिका पाठक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी मां सुनीता पाठक के साथ रहती हैं। उनके इकलौते भाई की मृत्यु हो चुकी है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले देशराज और उनके बेटे अरविंद उर्फ भोला, अंकित उर्फ अभिषेक, सतेंद्र कुमार, देशराज की पत्नी विमलेश और बहू सुषमा आए दिन उनके परिवार से विवाद करते हैं। पीड़िता का आरोप है कि पड़ोसी परिवार द्वारा आए दिन गाली-गलौज और अभद्रता की जाती है। आरोपितों द्वारा मुकदमे दर्ज कराकर भी उन्हें परेशान किया जा रहा है। सारिका ने बताया कि आठ अगस्त को भी आरोपितों ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की तथा मारपीट की कोशिश की। महिला ने तहरीर के साथ पूर्व में दर्ज मुकदमों की प्रतियां भी पुलिस को उपलब्ध कराई हैं। पीड़िता ने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह और उनकी मां आत्महत्या करने को मजबूर होंगी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।






