हाथरस 27 जुलाई। मेंडू कस्बे में एक शादी समारोह के दौरान गानों की प्रतियोगिता को लेकर दो बैंड संचालकों के कलाकारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज के बाद जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और एक-दूसरे पर ईंटें भी फेंकी गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक एक पक्ष वहां से फरार हो चुका था। पुलिस ने दूसरे पक्ष के तीन लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। जानकारी के अनुसार, मेंडू के मोहल्ला होंडा वाला निवासी राधेलाल की बेटी की शादी में 25 जुलाई की रात हरियाणा के पलवल से बरात आई थी। दूल्हे के चाचा भगत बैंड का संचालन करते हैं और वे अपने साथ पलवल से भगत बैंड एवं कमल बैंड लेकर आए थे। वहीं, बग्घी, लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाओं के लिए हसायन के शुभम बैंड को बुक किया गया था।
बरात चढ़त के दौरान शुभम बैंड की प्रस्तुति अधिक आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। इसी दौरान तीनों बैंडों के कलाकार आमने-सामने आ गए और गानों की प्रतियोगिता शुरू हो गई। बरात में शामिल लोग और स्थानीय निवासी इस मुकाबले का आनंद ले रहे थे, लेकिन बाजा और ढोल बजाने के दौरान कलाकारों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज में बदल गया और रात करीब एक बजे पलवल और हसायन के बैंड कलाकारों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया और ईंट-पत्थर भी चलाए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक एक पक्ष वहां से जा चुका था। पुलिस ने दूसरे पक्ष के तीन लोगों का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।











