
हाथरस 03 जुलाई। यूपी-टीईटी के दूसरे दिन प्रथम पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शहर के सरस्वती इंटर कॉलेज तथा डीआरबी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था एवं निगरानी तंत्र का बारीकी से जायजा लिया। कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विभिन्न परीक्षा कक्षों में चल रही परीक्षा प्रक्रिया और परीक्षार्थियों की गतिविधियों की निगरानी कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया गया।
जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करते हुए बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, परीक्षार्थियों के प्रवेश एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्क्रीनिंग टीम के सदस्यों से संवाद कर अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी सावधानी, सतर्कता और गुणवत्ता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। डीएम अतुल वत्स ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह राज्य स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षा है, इसलिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, गोपनीयता एवं अनुशासन बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने तथा परीक्षा व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आगामी पालियों की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान नियमित निरीक्षण कर किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने भी सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस बल को परीक्षा केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखने, अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था को पूरी तरह कायम रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी और सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना है, जिसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रहे हैं।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101












