सासनी 06 जुलाई। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल प्रखंड सासनी द्वारा देशव्यापी के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान खंड छोड़ा में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जबकि ग्राम सुसायत कला स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विशेष स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान किया गया। खंड छोड़ा में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने पहला पौधा रोपकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हमारी सनातन संस्कृति का मूल आधार है और वृक्षारोपण साक्षात ईश्वर की सेवा के समान है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय ने की। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने किया, जबकि प्रखंड सहमंत्री सचिन भार्गव ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान खंड अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा सहित सभी कार्यकर्ताओं ने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
वहीं खंड देदामाई के ग्राम सुसायत कला स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। खंड अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने मंदिर के गर्भगृह और परिसर की साफ-सफाई कर श्रमदान किया। इस अवसर पर जितेंद्र सिंह ने कहा कि सेवा सप्ताह के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और धार्मिक स्थलों के संरक्षण की भावना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और देखरेख समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। दोनों कार्यक्रमों में आशीष शेखावत, अमित ठाकुर, हरेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार, अरुण पाठक, अमन ठाकुर, लकी सिंह, अतुल ठाकुर सहित भारी संख्या में बजरंग दल के उत्साही कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।सभी ने सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


























