
हाथरस 17 जून । जनपद के जिला गजेटियर के अद्यतन, संकलन एवं प्रकाशन कार्य के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन विभागों की अध्यायवार रिपोर्ट अथवा ड्राफ्ट अभी तक लंबित हैं, उन्हें तत्काल उपलब्ध कराया जाए ताकि गजेटियर तैयार करने की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जा सके। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिला गजेटियर में कुल 11 अध्याय शामिल किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचनाओं एवं रिपोर्टों की प्रमाणिकता सुनिश्चित करने के लिए उनका पुनः परीक्षण किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर सुधारात्मक कार्य भी किया जाए, जिससे जनपद का गजेटियर सुव्यवस्थित, तथ्यपरक और व्यापक रूप से तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्राप्त तथ्यों एवं सूचनाओं का परीक्षण और सत्यापन किए जाने के बाद ही उन्हें गजेटियर में शामिल किया जाएगा, जिससे यह दस्तावेज अधिक सटीक, प्रामाणिक और उपयोगी बन सके। उन्होंने कहा कि जिला गजेटियर केवल प्रशासनिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत को संरक्षित रखने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि कोई भी इच्छुक व्यक्ति जनपद से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी, दस्तावेज अथवा अन्य सामग्री निर्धारित प्रारूप में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, हाथरस में उपलब्ध करा सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, पुस्तकालयों और शोध संस्थानों से समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक उपयोगी सामग्री संकलित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर जनपदवासियों से विशेष अपील करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिला गजेटियर को अधिक समृद्ध, प्रामाणिक और उपयोगी बनाने के लिए आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जनपद के प्रबुद्ध नागरिकों, इतिहासकारों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, शोधार्थियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से आग्रह किया कि यदि उनके पास जनपद से जुड़े ऐतिहासिक तथ्य, पुरालेख, प्राचीन दस्तावेज, साहित्यिक सामग्री, लोक परंपराओं, सांस्कृतिक धरोहरों अथवा भौगोलिक स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध हो तो उसे जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी कार्यालय के माध्यम से साझा करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने गजेटियर से संबंधित कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की और समयबद्ध रूप से आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
Next News :-हाथरस में योग सप्ताह का शुभारंभ, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व 250 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








