Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 सितम्बर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार मैक्स ने स्कूल से घर लौट रही कक्षा दो की आठ वर्षीय छात्रा को टक्कर मार दी। रूहेरी के पास अलीगढ़ रोड पर हुए हादसे में बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मैक्स को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। गांव श्रीनगर निवासी संजय शर्मा ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और गौशाला में भी काम करते हैं। उनकी आठ वर्षीय बेटी अनुष्का रूहेरी स्थित जीएलएस पब्लिक स्कूल में कक्षा दो की छात्रा थी। बुधवार दोपहर करीब एक बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद अनुष्का पैदल अपने घर लौट रही थी। बताया गया कि रूहेरी के पास वह सड़क किनारे जूते का फीता बांधने के लिए रुकी थी।

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई मैक्स ने बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अनुष्का सड़क पर गिर गई। हादसा होते ही आसपास के लोग और स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंच गए तथा परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन बच्ची को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल मैक्स को कब्जे में ले लिया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया। मासूम की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर बनवाने और स्कूल की छुट्टी के समय पुलिस की तैनाती किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page