
हाथरस 18 अक्टूबर । थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव सलेहपुर चंदवारा की रहने वाली मां-बेटी ने गांव के ही तीन लोगों पर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िताओं का कहना है कि आरोपी उन्हें गांव में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं और गांव आने पर गोली मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले में पीड़िताओं ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। प्रार्थिनी यशोदा पुत्री स्वर्गीय मानसिंह और उनकी पुत्री अधिवक्ता अमीषा निवासी सलेहपुर चंदवारा के अनुसार, गांव चंदवारा निवासी हरदीप पुत्र अमृत सिंह, योगेश पुत्र अमृत सिंह और कुसुम पुत्री अमृत सिंह उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि तीनों फोन पर और रास्ते में मां-बेटी को दुष्कर्म करने तथा जान से मारने की धमकियां देते हैं। पीड़िताओं ने दावा किया है कि उनके पास धमकियों से संबंधित रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।
तहरीर के मुताबिक, आरोपी मां-बेटी को गांव में प्रवेश करने से रोक रहे हैं। आरोप है कि उन्हें धमकी दी गई है कि यदि उन्होंने गांव में आने की कोशिश की तो दोनों को गोली मार दी जाएगी। पीड़िताओं का कहना है कि इसी डर के कारण वे अपने घर नहीं जा पा रही हैं और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
यशोदा और अमीषा ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग दबंग प्रवृत्ति के हैं और पुलिस-प्रशासन द्वारा उनका कुछ नहीं बिगाड़े जाने की बात कहकर धमकाते हैं। पीड़िताओं ने मामले को गंभीर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और गांव आने-जाने के दौरान सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पीड़िताओं के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी को तहरीर देकर तीनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई। दी गई जानकारी के मुताबिक, थाना प्रभारी ने तहरीर पर हेड मोहर्रिर (एचएम) को मुकदमा पंजीकृत करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।






