
हाथरस 28 नवम्बर । जिला क्षय रोग केंद्र पर शनिवार को जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार भारती की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के मार्गदर्शन में हुई इस बैठक में जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यरत क्षय रोग विभाग के कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में जनपद के सभी संभावित क्षय रोगियों की समय से जांच कराकर उनका नोटिफिकेशन सुनिश्चित करने, शुरुआती स्तर पर उपचार बीच में छोड़ने वाले मरीजों की स्थिति रोकने, यूडीएसटी जांच कराने, डिफरेंशियल टीबी केयर और एचआईवी टेस्टिंग सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा टीबी मरीजों के संपर्क में रहने वाले सभी कॉन्टैक्ट्स को टीपीटी उपलब्ध कराने तथा क्षय रोगियों की मृत्यु के बाद डेथ ऑडिट करने पर भी जोर दिया गया। टीबी मुक्त ग्राम पंचायत कार्यक्रम के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों और वार्डों को टीबी मुक्त बनाने के लिए चिह्नित करने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। शासन के निर्देशों के अनुरूप टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद में क्षय रोगियों की संख्या और बीमारी से होने वाली मृत्यु दर को कम करने के साथ ही टीबी की जांच एवं उपचार के कारण मरीजों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को शून्य करने के लक्ष्य पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार भारती, जिला प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अजीम कुरैशी, जिला डीआरटीबी कोऑर्डिनेटर विशाल पाठक, पीपीएम कोऑर्डिनेटर मनोज उपाध्याय, डाटा एंट्री ऑपरेटर नीरज सक्सेना सहित ब्लॉक स्तर पर कार्यरत सभी एसटीएस, एसटीएलएस और टीबीएचवी मौजूद रहे। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी हाथरस ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से सभी कर्मचारियों को जनहित में अधिक से अधिक संभावित क्षय रोगियों की समय से जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद को टीबी मुक्त बनाने के साथ-साथ प्रत्येक ग्राम पंचायत और वार्ड को भी टीबी मुक्त करने के लक्ष्य की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया।







