
हाथरस 28 नवम्बर । अलीगढ रोड स्थित रूहेरी गांव स्थित कृष्णा हॉस्पिटल को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद शनिवार शाम सील कर दिया। शिकायतकर्ता ममता की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी की अध्यक्षता में गठित टीम ने अस्पताल की जांच की। इसके बाद शनिवार शाम करीब 4:30 बजे अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में जगह-जगह गंदगी मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर बेसमेंट में भी संचालित पाया गया। इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। अस्पताल में लगे अग्निशमन उपकरण काम नहीं कर रहे थे और विद्युत व्यवस्था में भी खामियां पाई गईं। जांच टीम को अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। अस्पताल का पंजीकरण चिकित्सक नवीन सोलंकी के नाम पर दर्ज था, लेकिन निरीक्षण के समय वह मौके पर उपलब्ध नहीं थे। अस्पताल संचालक भी जांच टीम के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। संचालक ने बताया कि डॉ. नवीन सोलंकी मथुरा से आते हैं, जबकि एक अन्य डॉक्टर अलीगढ़ से आते हैं। हालांकि, वह दूसरे डॉक्टर का नाम नहीं बता पाया। संचालक के अनुसार, इन्हीं चिकित्सकों द्वारा अस्पताल में डिलीवरी और ऑपरेशन कराए जाते हैं। इससे पहले भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रूहेरी स्थित अस्पताल का निरीक्षण किया था। उस टीम में डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार भारती भी शामिल थे। निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन थिएटर में गंदगी और अन्य कमियां सामने आई थीं। इसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अस्पताल को सील कर दिया गया।







