
हाथरस 28 नवम्बर । रोटरी क्लब ऑफ हाथरस फ्रेंड्स की ओर से शनिवार को क्लब के सामुदायिक सेवा संकल्प के तहत एसआरजी पब्लिक स्कूल में निःशुल्क दंत परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह विद्यालय क्लब के पूर्व अध्यक्ष पीयूष गुड़ाह का है।
शिविर में दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. संचित खंडेलवाल ने लगभग 200 बच्चों के दांतों का निःशुल्क परीक्षण किया। साथ ही उपस्थित अभिभावकों को बच्चों के दंत स्वास्थ्य, मुख की स्वच्छता और दांतों की नियमित देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। चिकित्सक ने आवश्यकतानुसार बच्चों को औषधियां भी लिखीं। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष ऋषि बिंदल और संस्थापक अध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि रोटरी क्लब ऑफ हाथरस फ्रेंड्स मानव कल्याण और सामुदायिक सेवा के लिए पूर्णतः संकल्पित है। क्लब की ओर से समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़ी सेवा परियोजनाएं आयोजित की जाती हैं। इसी क्रम में शीघ्र ही क्लब के तत्वावधान में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा। शिविर में क्लब के पूर्व अध्यक्ष हरीश खंडेलवाल, पवन अग्रवाल, पीयूष गुड़ाह, आगामी अध्यक्ष वरुण गोयल, क्लब सचिव अनुराग माहेश्वरी, जीतेश गोयल और राजकुमार गर्ग सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।







