Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 अक्टूबर। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस द्वारा अलीगढ़ रोड स्थित लेबर कॉलोनी के पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप मोहन दीक्षित ने किया। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए पार्क की साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्वच्छता अभियान के दौरान बैंक कर्मियों ने लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना व्यक्त करते हुए उन्हें स्वच्छता कार्य के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी वितरित किए गए। क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप मोहन दीक्षित ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक अभियान या एक दिन तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना आवश्यक है। स्वच्छ वातावरण से स्वस्थ जीवन को बढ़ावा मिलता है और अनेक बीमारियों से बचाव में सहायता मिलती है। प्रत्येक नागरिक को अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

पौधरोपण कर संरक्षण का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण भी किया गया। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाने के साथ-साथ उनके नियमित पोषण एवं संरक्षण की शपथ ली। उपस्थित लोगों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। श्री दीक्षित ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वे प्राणवायु, छाया और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण और पोषण भी हमारी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने “स्वच्छता ही सेवा” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में निरंतर सहयोग करने का संकल्प लिया। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता कर्मियों के सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page