Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 अक्टूबर। शहर में नगर पालिका की कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। नगर पालिका की ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी संख्या में पुराने रिकॉर्ड के कागजात, पोस्ट ऑफिस कर्मचारियों की पासबुक और अन्य दस्तावेज ले जाए जा रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली से कागज सड़क पर गिरते चले गए और देखते ही देखते सड़क पर बड़ी संख्या में कागजात बिखर गए। बताया जा रहा है कि कागजात से भरी ट्रॉली को पर्याप्त तरीके से ढककर या सुरक्षित किए बिना ले जाया जा रहा था। रास्ते में कागज गिरने की जानकारी होने के बाद भी ट्रैक्टर आगे बढ़ता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को आवाज देकर ट्रैक्टर रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक का ध्यान पीछे की ओर नहीं होने के कारण वह वाहन को आगे ले जाता रहा। सड़क पर कागजात बिखरने के बाद आसपास मौजूद कुछ कबाड़ी उन्हें उठाकर ले जाते दिखाई दिए। कई लोग सड़क पर पड़े कागजात और दस्तावेजों को एकत्र करते नजर आए। बताया जा रहा है कि काफी दूर तक सड़क पर नगर पालिका से संबंधित कागजात बिखरे रहे।

इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद नगर पालिका के रिकॉर्ड को इस तरह खुले में ले जाने और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। हालांकि, ट्रॉली में ले जाए जा रहे कागजात वास्तव में अनुपयोगी वेस्ट पेपर थे अथवा उनमें कोई महत्वपूर्ण या संवेदनशील रिकॉर्ड भी शामिल था, इसकी स्वतंत्र रूप से अभी पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह जांच का विषय है कि इन कागजात को किस प्रक्रिया और अनुमति के तहत ले जाया जा रहा था और उन्हें सुरक्षित तरीके से ले जाने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई। यदि सड़क पर गिरे कागजात में महत्वपूर्ण रिकॉर्ड या व्यक्तिगत जानकारी से जुड़े दस्तावेज शामिल थे और वे अन्य लोगों के हाथ लगे हैं, तो रिकॉर्ड की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। अब देखने वाली बात होगी कि नगर पालिका प्रशासन इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देता है और क्या यह जांच की जाती है कि सड़क पर बिखरे कागजात में किस प्रकार के रिकॉर्ड शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page