मथुरा 10 अगस्त। प्रतिस्पर्धा के मौजूदा दौर में नौकरी बाजार का परिदृश्य बार-बार बदलता रहता है। ऐसे में मार्केट को उन प्रोफेशनल्स की जरूरत रहती है, जो नये परिवर्तनों से अपडेट रहते हैं। यदि आपको अपनी उपयोगिता बनाये रखना है तो मार्केट के नये ट्रेंड से खुद को लगातार अपडेट रखना होगा। एक मजबूत नेटवर्क में ही सफल करियर का बैकअप छिपा होता है लिहाजा आपको अपने नेटवर्क का विस्तार करते रहना चाहिए। यह बातें मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) भावना छाबड़ा (एसोसिएट डीन, आईसीएफएआई बिजनेस स्कूल, गुरुग्राम) ने राजीव एकेडमी के बीबीए छात्र-छात्राओं को बताईं।
राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, मथुरा के बीबीए विभाग द्वारा “बदलते जॉब मार्केट में आगे कैसे रहें” विषय पर आयोजित व्याख्यान में अतिथि वक्ता प्रो. (डॉ.) भावना छाबड़ा ने वर्तमान एवं भविष्य के जॉब मार्केट की बदलती परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री ही नहीं बल्कि नई तकनीकों की जानकारी, प्रभावी संचार कौशल, समस्या समाधान क्षमता तथा निरंतर सीखने की आदत भी सफलता के लिए आवश्यक है। उन्होंने एक केस स्टडी के माध्यम से समझाया कि बदलते उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुसार स्वयं को कैसे तैयार किया जाए। साथ ही, नए उद्योगों में रोजगार के अवसरों, भविष्य में मांग वाले कौशल तथा करियर निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजार में बने रहने के लिए अपने स्किल्स पर काम करते रहना तथा जरूरत के अनुसार उन्हें निखारना बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने कई तरह के प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ वक्ता ने सरल एवं व्यावहारिक उत्तर देकर मार्गदर्शन किया।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना राजीव एकेडमी का एकमात्र उद्देश्य है। ऐसे आयोजनों से छात्र-छात्राओं को सफल, आत्मनिर्भर एवं रोजगार के लिए पूर्णतः तैयार होने में मदद मिलती है। संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है बल्कि उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को लगातार अपडेट रखना भी आवश्यक है। ऐसे विशेषज्ञ व्याख्यान विद्यार्थियों को रोजगार की नई सम्भावनाओं से परिचित कराते हैं तथा उनके व्यक्तित्व एवं करियर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में बीबीए विभागाध्यक्ष मोहम्मद जाहिद ने अतिथि वक्ता का आभार मानते हुए कहा कि इस प्रकार के विशेषज्ञ व्याख्यान विद्यार्थियों को उद्योग जगत की नई चुनौतियों एवं अवसरों को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।






