
मुरसान 07 अगस्त। थाना मुरसान क्षेत्र में ससुराल पक्ष के लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और पेचकस से हमला करने का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना मुरसान पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। व्यापारियान निवासी सुमन देवी पत्नी राकेश राघव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 जुलाई की दोपहर वह अपने परिवार के साथ घर पर थीं। इसी दौरान उनके बेटे पंकज के ससुराल पक्ष के राजेंद्र, सागर, सरोज पत्नी राजेंद्र, नेहा पुत्री राजेंद्र, योगेश कुमार निवासी धौरपुर थाना हाथरस जंक्शन और दो अज्ञात लोग उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि चाय-पानी के लिए कहने पर सभी लोग उग्र हो गए और गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। तहरीर के अनुसार, इसी दौरान सागर ने अलमारी से पेचकस निकालकर सुमन देवी के सिर पर वार कर दिया। उन्हें बचाने के लिए आगे आए उनके पति राकेश राघव और बेटे पंकज के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की। हमले में सुमन देवी, राकेश राघव और पंकज के गंभीर चोटें आने का आरोप है। पीड़िता ने बताया कि शोर सुनकर पड़ोसी गणेश चौहान और प्रताप राघव मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित मौके से चले गए। घटना के दौरान बेटे पंकज ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपितों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर छह आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों एवं आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






