
हाथरस 27 सितम्बर। 115वें राजकीय मेला श्री दाऊजी महाराज के अवसर पर श्री ब्राह्मण संघ शिविर में जन सहयोग कल्याण समिति द्वारा भजन संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य शिविर संयोजक श्री दिलीप उपाध्याय एवं पंडित विश्वनाथ उपाध्याय ने भगवान के समक्ष फल, पुष्प एवं माला अर्पित कर किया। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंडित सुनील शास्त्री जी, वृंदावन धाम तथा विशिष्ट अतिथियों में पंडित योगेंद्र शर्मा, अध्यक्ष ब्राह्मण महासभा हाथरस, डॉ. यू.एस. गौर, श्री मुकेश दीक्षित एवं श्रीमती बिट्टो दीक्षित उपस्थित रहे। समिति की ओर से अतिथियों का दुपट्टा, माला एवं पगड़ी पहनाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। जन सहयोग कल्याण समिति के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंडित अतुल शर्मा एवं उत्तर प्रदेश सचिव पंडित दिवाकर दत्त उपाध्याय ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों एवं गणमान्य लोगों का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनहित के कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजन एवं जनकल्याणकारी कार्य जारी रखने की शुभकामनाएं दीं। समिति के उत्तर प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री देवदत्त सारस्वत ने मानव सेवा का संदेश देते हुए कहा—
“मिटा सके जो दूसरों के, आंखों के सब नीर।
मानव हित में जो जिये, वही सच्चा वीर।।“
कार्यक्रम में जन सहयोग कल्याण समिति के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में सभी के सहयोग एवं सहभागिता की सराहना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक सेवा, मानव कल्याण एवं धार्मिक-सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।








