
सासनी 28 नवम्बर । कोतवाली क्षेत्र के गांव ममौता कलां निवासी 24 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलस गया। सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर उपचार के लिए लाए गए युवक ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। करीब 60 प्रतिशत झुलसे युवक की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव ममौता कलां निवासी धर्मेंद्र कुमार (24 वर्ष) पुत्र रामवीर सिंह को गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में सासनी सीएचसी लाया गया। यहां उपचार के दौरान धर्मेंद्र ने अस्पताल में मौजूद लोगों और चिकित्सा कर्मियों को बताया कि उसकी ससुराल टूंडला में है। युवक का आरोप है कि मडराक स्टेशन क्षेत्र में उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। सीएचसी में तैनात चिकित्सकों ने युवक को प्राथमिक उपचार दिया। चिकित्सकों के मुताबिक, धर्मेंद्र करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।








