सासनी 13 अक्टूबर । क्षेत्र में आज अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दोनों मामलों में मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पहली घटना कस्बे में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर पुरानी सब्जी मंडी के पास स्थित देशी शराब के ठेके के निकट की है। यहां बांधनू निवासी दिव्यांग लाखन सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। वहीं, दूसरी घटना इसी मार्ग पर अजरोई मोड़ के निकट हुई, जहां नया बिजलीघर निवासी याशीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।








