Hamara Hathras

Latest News

सासनी 10 अक्टूबर। सासनी में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर जैन पेट्रोल पंप के पास स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 27 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला ने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर किया गया, मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने अस्पताल संचालक और एक आशा कार्यकर्ता पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, गांव बीरनगर निवासी अजीत की पत्नी प्रीति को प्रसव पीड़ा होने पर गांव की आशा कार्यकर्ता कृष्णा सासनी स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचीं। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल में महिला का ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद उसने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। हालांकि, प्रसव के कुछ समय बाद ही प्रीति की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। महिला की हालत गंभीर होने पर अस्पताल संचालक ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही प्रीति ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव लौट आए। घटना की जानकारी के बाद अस्पताल संचालक के मौके से चले जाने की बात भी सामने आई है। महिला की मौत से नाराज परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल संचालक और आशा कार्यकर्ता पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। परिजन थाने में तहरीर देने की प्रक्रिया में जुटे थे। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page